Speech
Narendra Modi  ·  2026-08-02 00:00

A powerful appeal and a message to the youth from PM! Listen in..

मेरे युवा साथियों आप भारत की अमृत पीढ़ी हैं। आप अगले 20-25 वर्षों में अपने जीवन को भी दिशा देंगे और आप ही 2047 में देश को विकसित भारत की मंजिल तक लेकर जाएंगे और उसके शिखर पर आप ही बैठे होंगे। उसका सारा रसपान करने का अवसर आप ही को मिलने वाला है। देश को आपकी ऊर्जा, आपकी कल्पना शक्ति और आपकी टैलेंट की जरूरत है। इसलिए देश के लिए और अपने जीवन के लिए खुद को नशा मुक्त रखना बहुत जरूरी है। नशा फोकस को भटकाता है और धीरे-धीरे युवा को उसके अपने सपनों से दूर ले जाता है। अभी जिन नौजवानों ने नाट्य मंचन किया बहुत कम समय में बहुत अच्छे तरीके से नाट्य मंचन में उन्होंने समस्या भी बताई। समस्या के कारण पैदा हुए संकट भी बताएं और बाहर निकलने के सामूहिक प्रयत्न का रास्ता भी दिखाया। नाट्य मंच छोटा था। लेकिन जैसा उन्होंने कहा आओ हम नाटक देखें। यह नाटक नहीं था। यह हम लोगों के लिए एक बहुत बड़ा संदेश था। हमें जगा रहा था। हमें जूझने के लिए प्रेरित कर रहा था। साथियों आजकल हम देखते हैं आज के युवा स्टार्टअप्स की दुनिया में छाए हैं। एआई को लीड कर रहे हैं। स्पोर्ट्स में तिरंगा लहरा रहे हैं। स्पेस से लेकर साइंस तक नए कीर्तिमान बना रहे हैं। लेकिन साथियों जब कोई युवा अगर ड्रग्स के एडिक्शन में फंस जाए तो केवल एक युवा नहीं हारता। एक सपना हार जाता है। एक सपने का बाल मृत्यु हो जाती है। एक परिवार हार जाता है। पूरा का पूरा परिवार टूट जाता है। समाज से भी नफरत का शिकार बन जाता है। नशा केवल शरीर को नुकसान नहीं पहुंचाता। नशा एक मां की मुस्कान छीन लेता है। नशा एक पिता के सपनों को चूरचूर कर देता है। एक बहन की राखी की उम्मीद को कमजोर कर देता है। एक छोटे भाई का आदर्श छीन लेता है। घर के बुजुर्ग हर दिन इस दर्द को जीते हैं। उनका अपना बच्चा धीरेधीरे खुद को खो रहा है। खुद को गला रहा है। तिल तिल गल रहा है। आंखों के सामने उसे बर्बाद होते देख रहे हैं। और जब परिवार में, समाज में ऐसा होता है, और कहीं ना कहीं राष्ट्र की शक्ति भी कमजोर पड़ जाती है। और इसलिए दुश्मन देश भी षड्यंत्र करके हमारे देश के युवाओं को इस नशे की लत में खींचने के लिए कोई कोशिश बाकी नहीं रखते हैं। ड्रग सप्लाई कर करके कमाई करना और हमारे जैसे देश को तबाह करना यह भी उनकी आतंकी साजिश का हिस्सा होता है। और इसलिए हमें हर एक युवा को नशे के चुंगल में फंसने से बचाना है। साथियों नशा मुक्त रहकर आपको अपने पोटेंशियल को प्रोटेक्ट करना है। आपको ध्यान रखना है ड्रग्स कुछ समय के लिए हाई देता है। लेकिन आपके करियर और फैमिली लाइफ को लो कर देता है। हमें नशे को किसी भी तरह की स्वीकारता नहीं देनी है।